Nagrota Encounter Live Update: चीन में बने हथियारों से भारत में तबाही की थी साजिश, 4 पाकिस्तानी आतंकी ढेर

मुठभेड़ अब खत्म हो गई है, लेकिन सर्च ऑपरेशन जारी है. जम्मू-श्रीनगर हाईवे खोल दिया गया है. सुरक्षाबलों का दावा है कि चार आतंकी ट्रक में छिपे थे और ट्रक में ही उन्हें ढेर कर दिया गया. दोनों ओर से कई राउंड धुआंधार फायरिंग हुई. पाकिस्तान के 4 आतंकी ट्रक नंबर 1055 पर सवार होकर श्रीनगर जा रहे थे. 17 जनवरी 2020 को ट्रक का रजिस्ट्रेशन हुआ था. उनके साथ तबाही का सामान था. अगर आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते, तो घाटी में बड़ी तबाही हो सकती थी. लेकिन सुरक्षाबलों की नजर से बच नहीं सके.

Continues below advertisement

Background

जम्मू कश्मीर के जम्मू जिले के नगरोटा इलाके में जारी मुठभेड़ के दौरान गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों ने एक ट्रक में जा रहे 4 आतंकवादियों को मार गिराया है. पुलिस, सीआरएफ और सेना के साथ बान टोल प्लाजा जम्मू में एक मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए और एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया.

सभी आतंकी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक में जा रहे थे, जिसे पुलिस ने नगरोटा के पास एक टोल प्लाजा पर रोक दिया. उन्हें रोक दिए जाने के बाद, हथियारों से लैस आतंकवादियों ने पुलिस पार्टी पर ग्रेनेड से हमला कर दिया. मुठभेड़ के दौरान ट्रक में आग लग गई. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त बलों को मौके पर बुला लिया गया है.

पुलिस के मुताबिक, आतंकवादी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी समूह के हैं. इस साल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दूसरी ऐसी मुठभेड़ है जनवरी में, तीन आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. वो भी इसी तरह एक ट्रक के अंदर छुपे हुए थे.

 

ये भी पढ़ें-

कोरोना अपडेट: देश में 24 घंटे में आए 45 हजार नए केस, 48 हजार ठीक हुए, 585 संक्रमितों की मौत

World Corona Update: दुनियाभर में एक दिन में रिकॉर्ड 10801 मरीजों की मौत, 24 घंटे में आए 6 लाख नए केस

Continues below advertisement
13:39 PM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू के नगरोटा में आतंकियों के पास मिले हथियारों की लिस्ट लगातार बड़ी होती जा रही है. आतंकियों के पास से आरडीएक्स, 6 एके-56 राइफल, मोबाइल सेल, मैगजीन भी बरामद हुए हैं. इतना बड़ा हथियारों का जखीरा हाइवे तक ले आना कहीं न कहीं भारतीय एजेंसियों की भी लापरवाही मानी जा रही है. हालांकि अब इन आतंकियों को मार गिराया गया है.
13:11 PM (IST)  •  19 Nov 2020

नगरोटा में मुठभेड़ से पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी मुकेश सिंह ने आतंकियों से सरेंडर करने की अपील की थी. उन्हें आत्मसमर्पण करने के कई मौके दिए गए थे. आईजी ने स्पीकर पर कई बार ऐलान किया था, "ट्रक में छिपे सभी लोग बाहर आ जाएं, उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा." लेकिन आतंकी नहीं मानें, उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलिया चलाना शुरू कर दी.
13:09 PM (IST)  •  19 Nov 2020

मारे गए 4 आतंकवादियों के पास से 11 एके-47 राइफल, 3 पिस्तौल, 29 ग्रेनेड और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं. इन हथियारों पर चाइनीज मार्किंग मिली है. इन हथियारों पर 'मेड इन चाइना' लिखा हुआ है.
12:48 PM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू के नगरोटा में हथियारों की बड़ी खेप बरामद होने के बाद प्रदेश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है. आज सुबह जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो आतंकियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई और 4 आतंकी मारे गए.
12:11 PM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू के नगरोटा में अब हालात काबू में है. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि ये आतंकी पाकिस्तान में कहां से आए थे और कश्मीर में किस जगह जा रहे थे. इन सवालों के जवाब के लिए एजेंसियों की जांच जारी है. ट्रक ड्राइवर मौके पर ही फरार हो गया था, उसकी भी तलाश की जा रही है.
12:03 PM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे को एक बार खोल दिया गया है. नगरोटा में मुठभेड़ के बाद हाइवे को करीब 7 घंटे तक बंद रखा गया था, जिसपर अब आवाजाही शुरू कर दी गई है.
11:51 AM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी मुकेश सिंह ने कहा, नगरोटा में मारे गए आतंकियों से गोला-बारूद के अलावा 11 एके-47 राइफल, 3 पिस्टल, 29 ग्रेनेड, मोबाइल फोन, बंपर, पिट्ठू बैग बरामद हुआ है. पिछले कुछ सालों के इतिहास में ये सबसे बड़ी खेप है. उन्होंने कहा, ये पहला वाक्या है जब आतंकियों से इतनी संख्या में हथियार बरामद हुए हैं, ऐसा लगता है कि इनके मंसूबे काफी बड़े थे, जिसे नाकाम कर दिया गया है.
11:34 AM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि नगरोटा में मारे गए आतंकियों की अभी पहचान नहीं हुई है और इस ऑपरेशन में जेएंडके पुलिस के अलावा सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा. उन्होंने ये भी बताया कि आतंकियों के पास जो हथियारों की खेप बरामद हुई है वो पिछले कई सालों में बरामद अब तक की सबसे बड़ी खेप है.
11:13 AM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा है कि काफी दिन से इस बात का इनपुट मिल रहा था कि जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा घाटी में आतंकी वारदातें करने की फिराक में हैं और आज बिलकुल सटीक मौके पर पुलिस ने इनके आतंकियों को मार गिराया है. इनका मुख्य मकसद आने वाले स्थानीय चुनावों से पहले कई आतंकी घटनाओं को अंजाम देना था. जम्मू के नगरोटा में मारे गए चारों आतंकियों के शव बुरी तरह जल गए हैं और इनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है.
11:11 AM (IST)  •  19 Nov 2020

आतंकियों के निशाने पर जम्मू-कश्मीर में हो रहे डीडीसी चुनाव थे. अगर आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते, तो घाटी में बड़ी तबाही हो सकती थी. लेकिन सुरक्षाबलों की नजर से बच नहीं सके. आतंकियों की पूरी सूचना सूरक्षाबलों को पहले ही थी.
10:58 AM (IST)  •  19 Nov 2020

आतंकियों के पास से 11 एके-47 राइफल बरामद हुई है. आज सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर सुरक्षाबलों ने ट्रक को रुकने को कहा था, लेकिन आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग की और दो घंटे तक चली इस मुठभेड़ चार पाकिस्तानी आतंकी ढेर कर दिए गए. अगले साल जम्मू-कश्मीर में चुनाव होने की संभावना है. ऐसे में ये आतंकी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.
10:52 AM (IST)  •  19 Nov 2020

पुलिस के मुताबिक, आतंकवादी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ग्रुप के हैं. इस साल जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दूसरी ऐसी मुठभेड़ है. जनवरी में, तीन आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया था. वो भी इसी तरह एक ट्रक के अंदर छुपे हुए थे.
10:41 AM (IST)  •  19 Nov 2020

पाकिस्तानी आतंकी भारी मात्रा में गोला-बारूद लेकर श्रीनगर जा रहे थे. कहा जा रहा है ये आतंकी पुलवामा जैसे हमले की योजना बना रहे थे. लेकिन सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की इस बड़ी साजिश को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही नाकाम कर दिया.
10:39 AM (IST)  •  19 Nov 2020

फॉरेंसिक टीम घटना बाकी जगह पर पहुंच चुकी है. बाकी जांच एजेंसियां भी यहां पहुंच रही हैं. आतंकियों के पास से ग्रेनेड, एके-47 राइफल मिली है. हालांकि ट्रक में विस्फोट के दौरान गोला-बारूद नष्ट हुआ है, ये कहना अभी मुश्किल हुआ है. विस्फोट के बाद चावल के ट्रक के परखच्चे उड़ गए हैं.
10:33 AM (IST)  •  19 Nov 2020

आज भारतीय सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान की बड़ी साजिश नाकाम कर दी है. एक दिन पहले बुधवार शाम को भी जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ बंकर पर ग्रेनेड से हमला किया था, जिसमें 12 नागरिक घायल हो गए थे. दरअसल ग्रेनेड लक्षित निशाने से चूक गया और सड़क पर जाकर फट गया, जिसकी चपेट में 12 नागरिक आ गए.
10:28 AM (IST)  •  19 Nov 2020

जम्मू के बन टोन प्लाजा पर मारे गए चारों आतंकी पाकिस्तानी थे. पाकिस्तानी आतंकी चावल के ट्रक में सवार होकर कश्मीर की तरफ जा रहे थे. ये आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से थे. हाल ही में सांभा से घुसपैठ करके श्रीनगर जाने की फिराक में थे लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने उनके इरादों को पूरा होने से पहले ही रास्ते में ढेर कर दिया. ट्रक से भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद हुआ है. घटना स्थल पर अब फॉरेंसिक की टीम पहुंच गई है.
10:21 AM (IST)  •  19 Nov 2020

चारों आतंकियों को मार गिराना सुरक्षाबलों के लिए आसान नहीं थी. आतंकियों के पास आधुनिक हत्यार थे, आतंकी लगातार धुआंधार गोलियां चला रहे थे. लेकिन सुरक्षाबलों ने दो घंटे के भीतर ही आतंकियों को ढेर करके ऑपरेशन खत्म कर दिया.
10:20 AM (IST)  •  19 Nov 2020

जानकारी के अनुसार, चारों आतंकी एक ट्रक में सवार थे. जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, सुरक्षाबलों ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रक को घेर लिया और आतंकियों को ट्रक से बाहर नहीं निकलने दिया. क्योंकि ये जंगल का इलाका था, अगर आतंकी ट्रक से बाहर आ जाते, तो मुठभेड़ लंबी चल सकती थी. सुरक्षाबलों की मुस्तैदी के चलते आतंकियों को ट्रक से बाहर नहीं आने दिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
Sponsored Links by Taboola