IND Vs AUS Day 3 Highlights: ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा तीसरा दिन, इंडिया के लिए मैच में वापसी बेहद मुश्किल

IND Vs AUS Sydney Test Highlights: सिडनी टेस्ट का तीसरा दिन ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा. ऑस्ट्रेलिया मैच में 197 रन की बढ़त बना चुका है और उसके हाथ में अभी 8 विकेट हैं. तीसरे दिन के खेल का अंत होने पर लाबुशेन 47 और स्मिथ 29 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं.

Continues below advertisement

Background

IND Vs AUS Sydney Test Day 3 Highlights: टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. आज सिडनी टेस्ट में दोनों टीमों के बीच तीसरे दिन का खेल खेला जाएगा. दूसरे दिन के खेल का अंत होने तक टीम इंडिया ने दो विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए थे. पुजारा 9 रन बनाकर और अंजिक्या रहाणे 5 रन बनाकर नाबाद रहे.

 

दूसरे दिन टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 338 रन पर ऑलआउट करने में कामयाब रही. ऑस्ट्रेलिया के 338 रन के जवाब में टीम इंडिया को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 70 रन की पार्टनरशिप कर अच्छी शुरुआत दिलाई. रोहित शर्मा हालांकि 26 रन खेलकर आउट हो गए, जबकि शुभमन ने अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया. शुभमन गिल भी 50 रन बनाकर कमिंस के हाथों अपने विकेट गंवाकर पवेलियन लौट गए.

 

इससे पहले दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट के नुकसान पर 166 रन से आगे खेलना शुरू किया. लाबुशेन ने 91 रन की पारी खेली, जबकि स्टीव स्मिथ अपने करियर का 27वां शतक पूरा करने में कामयाब रहे. स्टीव स्मिथ ने 131 रन की शानदार पारी खेली और वह ऑस्ट्रेलिया की पारी के आखिरी विकेट के तौर पर आउट हुए.

 

टीम इंडिया की गेंदबाजी दूसरे दिन काफी अच्छी रही. इंडिया ने 122 रन के अंतराल में ही ऑस्ट्रेलिया के आखिरी 8 विकेट हासिल किए. जडेजा के हिस्से में चार विकेट आए. बुमराह और सैनी दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजने में कामयाब रहे.

 

बता दें दोनों टीमों के बीच चार मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है. ऑस्ट्रेलिया ने एडीलेड टेस्ट में जीत दर्ज की. टीम इंडिया मेलबर्न टेस्ट में 8 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में वापसी करने में कामयाब रही.

Continues below advertisement
12:34 PM (IST)  •  09 Jan 2021

मैच का तीसरा दिन ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा. तीसरे दिन के खेल का अंत होने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 2 विकेट के नुकसान पर 103 रन बना लिए हैं और उसके कुल 197 रन की बढ़त है. लाबुशेन 47 और स्मिथ 29 रन बनाकर नाबाद हैं. टीम इंडिया के लिए यहां से मैच में वापसी करना बेहद मुश्किल है. ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर अपनी पकड़ काफी मजबूत बना ली है. ऑस्ट्रेलिया चौथे दिन तेजी से रन बनाकर इंडिया को दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाने की कोशिश करेगा.
12:10 PM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया 35 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में नज़र आ रही थी. लेकिन स्मिथ और लाबुशेन के बीच तीसरे विकेट के 50 रन की पार्टनरशिप हो चुकी है. 25 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट 92 रन हो गया है. लाबुशेन 40 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि स्मिथ भी 26 रन पर खेल रहे हैं.
11:55 AM (IST)  •  09 Jan 2021

जिस तरह से स्मिथ और लाबुशेन बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखकर ऐसा लगता है कि धीरे-धीरे मैच इंडिया की पकड़ा से बाहर निकल रहा है. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया दो विकेट के नुकसान पर 83 रन बना चुका है. स्मिथ और लाबुशेन दोनों ही सेट नज़र आ रहे हैं. स्मिथ 22 रन बना चुके हैं जबकि लाबुशेन ने 36 रन बनाए हैं.
11:49 AM (IST)  •  09 Jan 2021

तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया काफी मुश्किल में फंस गई है. रिषभ पंत के बाद रवींद्र जडेजा को भी स्कैन के लिए भेजा गया है. जडेजा के बाए हाथ में गेंद लगी थी. इस पारी में जडेजा गेंदबाजी करने के लिए उपलब्ध नहीं है. जडेजा दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं इस पर अभी कुछ नहीं कह जा सकता है. रिषभ पंत का भी दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर पाना तय नहीं है.
11:47 AM (IST)  •  09 Jan 2021

11:39 AM (IST)  •  09 Jan 2021

18 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 71 रन है. इस पारी में ऑस्ट्रेलिया ने करीब चार रन प्रति ओवर के हिसाब से रन बनाए है. स्मिथ 12 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि लाबुशेन 34 रन बना चुके हैं. टीम इंडिया ने अपने दो बेस्ट बॉलर्स बुमराह और अश्विन को गेंदबाजी पर लगा रखा है.
11:30 AM (IST)  •  09 Jan 2021

दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार हो गया है. ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट के नुकसान पर 59 रन बना लिए हैं. लाबुशेन अटैक करने की कोशिश कर रहे हैं और 33 गेंद में 28 रन बना चुके हैं. स्मिथ 6 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. अश्विन की गेंदों को काफी टर्न मिल रहा है.
11:16 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलियाई पारी में 13 ओवर का खेल पूरा हो चुका है. ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए हैं. स्मिथ तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि लाबुशेन 13 रन बना चुके हैं. भारत की तरफ से सैनी और अश्विन का गेंदबाजी करना जारी है. ऑस्ट्रेलिया के पास पहली पारी में 94 रन की बढ़त भी है.
10:59 AM (IST)  •  09 Jan 2021

भारतीय को बड़ी सफलता मिल गई है. रविचंद्रन अश्विन ने डेविड वॉर्नर को चलता कर दिया है. Lbw होकर वॉर्नर पवैलियन लौट गए हैं. उनकी पारी 13 रनों पर समाप्त हो गई है. टीम का स्कोर 35 रन तक पहुंच गया है. इसी के साथ टीम ने 129 रनों की लीड ले ली है. वहीं अश्विन के हाथ पहली सफलता लग गई है.
10:46 AM (IST)  •  09 Jan 2021

7 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 24 रन हो गया है. पुकोवस्की की जगह लाबुशेन मैदान में आए हैं. वॉर्नर 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. देखना है इन दोनों बल्लेबाजों के बीच कितने रनों की साझेदारी होगी. वहीं बुमराह को अपने पहले विकेट का इंतजार है.
10:40 AM (IST)  •  09 Jan 2021


भारतीय टीम को पहली सफलता मिल गई है. मोहम्मद सिराज ने विल पुकोवस्की को अपना शिकार बनाया है. उन्होंने साहा के हाथों पुकोवस्की का कैच लपकवाया. वे 10 रन बनाकर पवैलियन लौट गए हैं.
10:34 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया पर ऑस्ट्रेलिया ने अब तक 108 रनों की बढ़त बना ली है. टीम का स्कोर पांच ओवर के बाद 14 रन हो गया है. जसप्रीत बुमरा ने अपने पिछले ओवर में महज 2 रन दिए. डेविड वॉर्नर 5 तो विल पुकोवस्की 7 रन के स्कोर पर खेल रहे हैं. भारतीय टीम को एक अर्ली ब्रेकथ्रू की तलाश है.
10:31 AM (IST)  •  09 Jan 2021

4 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलियन टीम का स्कोर 12 रन हो गया है. अब तक टीम ने कोई विकेट नहीं खोया है. कंगारू टीम की तरफ से डेविड वार्नर और विल पुकोवस्की ने पारी की शुरुआत की है. कप्तान रहाणे ने मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह से गेंदबाजी शुरू करवाई है.
10:20 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया ने 94 रन की बढ़त के साथ अपनी दूसरी पारी का आगाज किया है. डेविड वार्नर और विल पुकोवस्की क्रीज पर हैं. दो ओर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 5 रन बना लिए हैं. भारत की तरफ से बुमराह और सिराज ने गेंदबाजी की कमान संभाल रखी है. चोटिल रिषभ पंत की जगह साहा विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल रहे हैं.
09:54 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया ने लंच के बाद बेहद खराब खेल दिखाया और 64 रन के अंदर ही अपने आखिरी 6 विकेट गंवा दिए. इंडिया की ओर से पुजारा-गिल ने अर्धशतक लगाए. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज फिफ्टी लगाने में कामयाब नहीं हो पाया. रोहित शर्मा, अंजिक्या रहाणे, रिषभ पंत को अच्छी शुरुआत मिली थी लेकिन तीनों ही खिलाड़ी उसे बड़ी पारी में बदल नहीं पाए. कमिंस ने 29 रन देकर चार विकेट हासिल किए. इंडिया ने तीन विकेट रन आउट से गंवाए और इसी वजह से टीम इंडिया को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
09:50 AM (IST)  •  09 Jan 2021

09:48 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया पहली पारी में 244 रन पर ऑलआउट हो गई है. सिराज के रूप में इंडिया का आखिरी विकेट गिरा. पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को 94 रन की बेहद ही महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई है. कमिंस चार विकेट लेने में कामयाब रहे. टी सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया के 6 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. जडेजा 28 रन बनाकर नाबाद रहे.
09:45 AM (IST)  •  09 Jan 2021

जडेजा 28 रन बनाकर खेल रहे हैं. जडेजा ने सिराज के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए अब तक 28 रन की पार्टनरशिप की है. सिराज ने भी 6 रन बनाए हैं.
09:31 AM (IST)  •  09 Jan 2021

9 विकेट गिरने के बाद जडेजा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. जडेजा 29 गेंद में 23 रन बना चुके हैं और इंडिया का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 239 रन हो गया है. इंडिया अब ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी में 99 रन पीछे है. सिराज भी 6 रन बनाकर खेल रहे हैं.
09:23 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया के नौ विकेट गिर चुके हैं. बुमराह रन आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके हैं. इस पारी में इंडिया के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए हैं. इंडिया का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 225 रन है. ऑस्ट्रेलिया के पास अभी भी पहली पारी में 113 रन की बढ़त है. जडेजा अभी क्रीज पर मौजूद हैं और वह ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करेंगे.
09:12 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया ने इंडिया को बेहद मुश्किल स्थिति में डाल दिया है. नवदीप सैनी को स्टार्क आउट करने में कामयाब रहे. सैनी ने तीन रन बनाए. 210 के स्कोर पर ही इंडिया अपने 8 विकेट गंवा चुका है. इंडिया ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी में अभी भी 128 रन पीछे हैं. इस सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार खेल दिखाते हुए चार विकेट हासिल किए हैं. ऑस्ट्रेलिया के पास सीरीज में बढ़त बनाने का अच्छा मौका है.
09:02 AM (IST)  •  09 Jan 2021

08:58 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया को एक और झटका लगा है. अश्विन रन आउट होकर पवेलियन वापस जा रहे हैं. अश्विन ने 10 रन बनाए. टीम इंडिया ने 206 के स्कोर पर ही 7 विकेट गंवा दिए हैं. ऑस्ट्रेलिया इस सेशन में तीन विकेट ले चुका है. ऑस्ट्रेलिया की नज़र अब पहली पारी में कम से कम 100 रन की बढ़त हासिल करने पर होगी. अगर ऐसा होता है तो यह मैच टीम इंडिया के हाथ से निकल सकता है.
08:44 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया ने 200 रन पूरे कर लिए हैं. 6 विकेट के नुकसान पर इंडिया का स्कोर 200 रन है. अश्विन 6 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि जडेजा 1 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया ने पंत और पुजारा का विकेट लेकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. इंडिया अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 138 रन पीछे है.
08:43 AM (IST)  •  09 Jan 2021

08:36 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया नई गेंद से कमाल करने में कामयाब हो गया है. पंत के बाद पुजारा भी पवेलियन वापस लौट चुके हैं. कमिंस ने बेहतरीन गेंद के जरिए पुजारा को टिम पेन के हाथों आउट करवाया. इस सीरीज में कमिंस पहले भी दो मौकों पर पुजारा को ठीक इसी तरह से पवेलियन वापस भेज चुके हैं. इंडिया का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 195 रन है. ऑस्ट्रेलिया ने बेहद ही मजबूती के साथ मैच में वापसी की है.
08:34 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया को रिषभ पंत के रूप में बड़ा झटका लगा है. टीम इंडिया ने 195 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया है. पंत 36 रन बनाकर अच्छा खेल रहे थे लेकिन हेजलवुड ने उन्हें बेहतरीन गेंद के जरिए आउट किया. जडेजा अब बल्लेबाजी करने आए हैं. पिछले मैच में जडेजा ने 57 रन की पारी खेली थी.
08:28 AM (IST)  •  09 Jan 2021

चेतेश्वर पुजारा ने अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है. पुजारा ने 174 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और यह इस सीरीज में उनकी पहली फिफ्टी है. चेतेश्वर पुजारा की फिफ्टी की बदौलत टीम इंडिया अच्छी स्थिति में नज़र आ रही है. टीम इंडिया ने चार विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए हैं.
08:19 AM (IST)  •  09 Jan 2021

08:18 AM (IST)  •  09 Jan 2021

नई गेंद से 5 ओवर का खेल हो चुका है. टीम इंडिया इस दौरान 8 रन बनाने में कामयाब रही है. पिछले ओवर में कमिंस की गेंद पंत की कलाई पर लगी थी और वह काफी दर्द में नज़र आ रहे थे. कुछ देर के लिए मैच को रोकना भी पड़ा था. लेकिन पंत बल्लेबाजी करना जारी रखेंगे. टीम इंडिया का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 189 रन है. पंत 35 और पुजारा 45 रन बनाकर खेल रहे हैं.
08:02 AM (IST)  •  09 Jan 2021

नई गेंद से हेजलवुड और स्टार्क ने अच्छी गेंदबाजी की है. लेकिन पुजारा और पंत ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दे रहे हैं. पुजारा 45 रन बनाकर खेल रहे हैं और इस सीरीज में वह अपने पहले अर्धशतक के नजदीक है. ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर पुजारा ने 500 से ज्यादा रन बनाए थे. पंत 34 रन बनाकर खेल रहे हैं. टीम इंडिया का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 188 रन है.
07:49 AM (IST)  •  09 Jan 2021

07:49 AM (IST)  •  09 Jan 2021

लंच के बाद दोबारा खेल शुरू हो गया है. लिएन के ओवर से एक रन आया. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी नई गेंद उपलब्ध होते ही ले ली है. इंडिया का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 183 रन है. चेतेश्वर पुजारा अपने अर्धशतक के नजदीक हैं और 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. स्टार्क ने नई गेंद से कमान संभाली है.
07:12 AM (IST)  •  09 Jan 2021

07:11 AM (IST)  •  09 Jan 2021

तीसरे दिन का लंच सेशन हो गया है. यह सेशन दोनों टीमों के लिए ही अच्छा कहा जा सकता है. टीम इंडिया ने इस सेशन में 84 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया रहाणे का महत्वपूर्ण विकेट लेने में कामयाब रही. हेजलवुड ने विहारी को शानदार फील्डिंग के जरिए रन आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाई. लेकिन पूरे सेशन में पुजारा मजबूती के साथ डटे रहे. पुजारा को किसी गेंदबाज के सामने कोई परेशानी नहीं हुई. लंच सेशन तक टीम इंडिया ने चार विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए हैं. पुजारा 42 और रिषभ पंत 29 रन बनाकर खेल रहे हैं.
07:07 AM (IST)  •  09 Jan 2021

07:00 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया को दो ओवर के बाद दूसरी नई गेंद मिलने वाली है. 78 ओवर में टीम इंडिया ने 180 रन बनाए हैं और चार विकेट गंवाए हैं. नई गेंद से पहले ऑस्ट्रेलिया कैमरून ग्रीन और लाबुशेन से गेंदबाजी करवा रही है. ग्रीन शार्ट पिच बॉलिंग के जरिए पंत को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं. पंत हालांकि 29 रन बना चुके हैं और उन्होंने काफी अच्छे शॉट लगाए हैं. पुजारा 42 रन बनाकर एक छोर पर मजबूती से डटे हुए हैं.
06:46 AM (IST)  •  09 Jan 2021

रिषभ पंत खुलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और 24 गेंद में ही 23 रन बना चुके हैं. पंत ने अब तक तीन चौके जड़े हैं. टीम इंडिया चार विकेट के नुकसान पर 172 रन बना चुकी है. पुजारा 40 रन बनाकर खेल रहे हैं. पंत अगर कुछ और देर इसी अंदाज में बल्लेबाजी करने में कामयाब हो जाते हैं तो टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को दबाव में लाने में कामयाब हो सकती है और मैच में मजबूत पकड़ बनाने का अच्छा मौका भी मिल जाएगा.
06:30 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया का स्कोर 150 के पार हो गया है. पंत ने चौका जड़कर टीम इंडिया के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया. इंडिया का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 158 हो चुका है. पुजारा अच्छे टच में नज़र आ रहे हैं और अब 40 रन बना चुके हैं. पंत 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं. इस सेशन में एक और विकेट गंवाना टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ा सकता है.
06:20 AM (IST)  •  09 Jan 2021

पिछले तीन मैच से टीम इंडिया ने रन आउट के जरिए अपना एक अहम विकेट जरूर गंवाया है. पहले मैच में विराट कोहली 73 रन बनाकर रन आउट हुए थे. दूसरे मैच में अंजिक्या रहाणे 112 रन बनाने के बाद रन आउट हुए. तीसरे मैच में विहारी रन आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके हैं. टीम इंडिया को इस पर काम करने की जरूरत है.
06:15 AM (IST)  •  09 Jan 2021

06:10 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया को एक और झटका लगा है. आउट ऑफ फॉर्म चल रहे बल्लेबाज हनुमा विहारी रन आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके हैं. टीम इंडिया ने 142 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवा दिया है. विहारी ने सिर्फ चार रन बनाए. पुजारा 34 रन बनाकर एक छोर पर मजबूती से डटे हुए हैं. पुजारा का साथ देने के लिए रिषभ पंत क्रीज पर आए हैं.
05:53 AM (IST)  •  09 Jan 2021

पुजारा ने लिएन के खिलाफ अपनी रणनीति में बदलाव किया है. पुजारा ने लिएन को अटैक करने का फैसला किया और उनके एक ओवर में दो चौके समेत 11 रन स्कोर किए. टीम इंडिया का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 134 रन हो चुका है. पुजारा 27 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि विहारी तीन रन बना चुके हैं. लिएन ने अच्छी गेंदबाजी की है. लेकिन अब तक उन्हें कोई विकेट नहीं मिल पाया है.
05:40 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बेहद ही कसी हुई गेंदबाजी कर रहे हैं. चेतेश्वर पुजारा अब तक 100 गेंद खेल चुके हैं और उन्होंने 16 रन बनाए हैं. विहारी भी 16 गेंद में एक ही रन बना पाए हैं. आज 16 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और इंडिया ने 25 रन स्कोर किए हैं. टीम इंडिया को अपनी रनगति को थोड़ा बढ़ाना होगा वरना रन बनाने का दबाव ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को और भारी होने का मौका मुहैया करवा देगा.
05:26 AM (IST)  •  09 Jan 2021

तीसरे दिन अब तक 12 ओवर का खेल हो चुका है. इन 12 ओवर में टीम इंडिया ने 22 रन बनाए हैं और उसने अंजिक्या रहाणे का बेहद ही महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिया है. टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 118 रन है. क्रीज पर पुजारा का साथ विहारी दे रहे हैं. विहारी और पुजारा दोनों ही इस सीरीज में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं इसलिए दोनों ही खिलाड़ियों पर बड़ी पारी खेलने का दबाव भी है.
05:29 AM (IST)  •  09 Jan 2021

05:12 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया को तगड़ा झटका लगा है. कमिंस ने अंजिक्या रहाणे को क्लीन बोल्ड कर दिया है. टीम इंडिया ने 117 के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवाया है. अंजिक्या रहाणे ने पिछले ओवर में ही लिएन को छक्का लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की थी. लेकिन यहां से टीम इंडिया की मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं. पुजारा का साथ देने के लिए अब हनुमा विहारी क्रीज पर आए हैं.
05:04 AM (IST)  •  09 Jan 2021

ऑस्ट्रेलिया की ओर से कसी हुई गेंदबाजी की जा रही है. ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इंडिया को ज्यादा रन बनाने के मौके नहीं दिए हैं. सिडनी की पिच पर हालांकि गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ होता नहीं इसलिए विकेट लेने में काफी संघर्ष करना पड़ रहा है. इंडिया का स्कोर अब दो विकेट के नुकसान पर 110 रन है. रहाणे 16 रन बनाकर खेल रहे हैं और वह अच्छे टच में नज़र आ रहे हैं.
04:59 AM (IST)  •  09 Jan 2021

04:54 AM (IST)  •  09 Jan 2021

तीसरे दिन पांच ओवर का खेल पूरा हो चुका है. पांच ओवर में टीम इंडिया ने आज अपने स्कोर बोर्ड में 6 रन और जोड़े हैं. 50 ओवर में टीम इंडिया 102 रन बनाने में ही कामयाब रही है. भारत की रनगति 2 रन प्रति ओवर ही है. इसे बढ़ाने की जरूरत है वरना ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में कामयाब हो जाएंगे. पुजारा ने 72 गेंद पर 12 रन ही बनाए हैं.
04:46 AM (IST)  •  09 Jan 2021

टीम इंडिया का स्कोर 100 के पार हो गया है. दो विकेट के नुकसान पर ही टीम इंडिया 100 रन बनाने में कामयाब रही है. इंडिया ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी के आधार पर 237 रन पीछे है. पिच बल्लेबाजी के लिए काफी आसान है. इस पिच पर रहाणे और पुजारा जैसे बल्लेबाज से बड़ी पारी की उम्मीद की जा सकती है. ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत लिएन और कमिंस की जोड़ी के साथ की है. सिडनी की पिच को हमेशा से स्पिन गेंदबाजों को लिए मददगार माना जाता है.
04:43 AM (IST)  •  09 Jan 2021

तीसरे दिन भी खेल की शुरुआत तय समय से आधा घंटा पहले हुई है. बारिश की वजह से पहले दिन 38 ओवर के खेल का नुकसान हुआ था, इसलिए जल्दी मैच शुरू करके पहले दिन के नुकसान की भरपाई करने की कोशिश हो रही है. कल भी दो बार बेहद हल्की बारिश देखने को मिली. लेकिन माना जा रहा है कि अगले तीन दिन तक सिडनी में मौसम साफ रहेगा और यह मैच पूरे पांच दिन चल सकता है.
Sponsored Links by Taboola