MINI की लग्जरी Convertible का नया अंदाज, कीमत ने चौंकाया
MINI Cooper New Car: मिनी ने भारत में कूपर कन्वर्टिबल स्टारडस्ट एडिशन लॉन्च कर दी है. 62.90 लाख रुपये की कीमत में आई यह लग्जरी कन्वर्टिबल कार शानदार डिजाइन, ओपन-टॉप फीचर्स और पावरफुल इंजन से लैस है.

MINI Cooper New Car: अगर आप भी लग्जरी कारों का शौक रखते हैं तो आपको भी बीएमडब्ल्यू ग्रुप के ब्रांड मिनी की गाड़ियां भी पसंद होंगी. बता दें कि, मिनी ने अपनी सबसे लोकप्रिय ओपन-टॉप हैचबैक को नया अवतार मिनी कूपर कन्वर्टिबल स्टारडस्ट एडिशन में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है. शानदार लुक और लिमिटेड यूनिट्स के साथ आई इस प्रीमियम कार की एक्स-शोरूम कीमत 62.90 लाख रुपये रखी गई है. कंपनी इस मॉडल को भारत में पूरी तरह से बनी हुई सीबीयू यूनिट के रूप में इम्पोर्ट करके बेचेगी.
बता दें कि, यह नया एडिशन स्टैंडर्ड कूपर कन्वर्टिबल के मुकाबले लगभग 3.9 लाख रुपये ज्यादा महंगा है. लेकिन इसमें मिलने वाले एक्सक्लूसिव फीचर्स और कॉस्मेटिक बदलाव इसे काफी खास भी बनाते हैं. प्रीमियम कार के शौकीन ग्राहक इसे केवल कंपनी की ऑफिसियल वेबसाइट के जरिए ही ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. कार की डिलीवरी भी देश भर में तुरंत शुरू कर दी गई है. तो चलिए जानते हैं कि इस लग्जरी कन्वर्टिबल कार में कौन-कौन से नए बदलाव और फीचर्स देखने को मिलते हैं.
शानदार एक्सटीरियर और बेहतरीन डिजाइन
बता दें कि, डिजाइन के मामले में मिनी स्टारडस्ट एडिशन को एक बहुत ही यूनिक और एलीट लुक दिया गया है. यह कार स्पार्कलिंग कॉपर ग्रे नाम के स्पेशल मेटैलिक पेंट शेड में लॉन्च की गई है. इसके साथ वाइब्रेंट सिल्वर कलर के साइड मिरर्स और 18-इंच के JCW रैली स्पोक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. जो कार के एयरोडायनामिक्स और रोड प्रेजेंस को कई गुना बढ़ा देते हैं.
जबकि इस कार का सबसे मुख्य आकर्षण इसका इलेक्ट्रिकली फोल्डिंग सॉफ्ट-टॉप फैब्रिक रूफ है. जिस पर मिनी का सिग्नेचर यूनियन जैक ग्राफिक बना हुआ है. यह रूफ महज 18 सेकंड के अंदर पूरी तरह से खुल जाती है और इसे बंद होने में सिर्फ 15 सेकंड का समय लगता है. खास बात यह है कि 30 किमी/घंटे की रफ्तार पर चलते हुए भी इस छत को ऑपरेट किया जा सकता है. इसके अलावा इसे केवल 40 सेमी तक खोलकर सनरूफ की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है.






















