IND vs ENG 3rd Test: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने दर्ज की शानदार जीत, इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया

India vs England, 3rd Test: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए तीसरे टेस्ट में इंडिया ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हरा दिया.

Continues below advertisement

IND vs ENG 3rd Test: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारत ने दूसरे दिन ही इंग्लैंड को 10 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली है. इंग्लैंड ने दूसरी पारी में भारत को 49 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे इंडिया ने सिर्फ 7.4 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया. रोहित शर्मा 25 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 25 और शुभमन गिल 21 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर नाबाद रहे.

Continues below advertisement

22वीं बार दो दिन में खत्म हुआ टेस्ट मैच

मोटेरा में खेला गया यह टेस्ट महज़ दूसरे ही दिन खत्म हो गया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा 22वीं बार हुआ है, जब किसी टेस्ट का नतीजा दो दिनों में निकला है. हालांकि, दिलचस्प बात यह रही है कि इसमें 13 बार इंग्लैंड शामिल रहा है. इन 13 मैचों में इंग्लैंड को चार बार हार का सामना करना पड़ा है.

अक्षर पटेल रहे भारत की जीत के हीरो

भारत की इस शानदार जीत के हीरो रहे अक्षर पटेल. अपना दूसरा टेस्ट खेल रहे अक्षर पटेल ने इस टेस्ट की दोनों पारियों में पांच विकेट झटके. पहली पारी में उन्होंने 38 रन देकर छह और दूसरी पारी में 32 रन देकर पांच विकेट लिए. इसके साथ ही वह एक डे-नाइट टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.

अश्विन ने पूरे किए 400 टेस्ट विकेट

इस टेस्ट में सात विकेट लेने वाले अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट पूरे कर लिए. वह टेस्ट में ऐसा करने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले अनिल कुंबले, कपिल देव और हरभजन सिंह टेस्ट में 400 विकेट ले चुके हैं. अश्विन ने 77 मैचों में 25.01 की औसत और 2.83 के इकॉनमी रेट से टेस्ट मैच में 400 विकेट लिए हैं. इसके साथ ही टेस्ट में सबसे तेज 400 विकेट लेने वाले विश्व के दूसरे बॉलर बन गए हैं. इस लिस्ट में पहले नंबर पर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन का नाम है.

मैच का लेखा-जोखा

इंग्लैंड ने इस टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अपनी पहली पारी में 112 रन बनाए थे. इसके बाद भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 145 रन बना सकी थी. इस तरह भारत ने पहली पारी में 33 रनों की बढ़त हासिल की थी. इसके बाद दूसरी पारी में इंग्लिश टीम सिर्फ 81 रनों पर ऑलआउट हो गई और भारत को 49 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे उसने बिना कोई विकेट खोए 7.4 ओवर में हासिल कर लिया.

Continues below advertisement
Sponsored Links by Taboola